वॉशिंगटन: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना में इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला स्थानीय समयानुसार रात 9:05 बजे (भारतीय समय अनुसार गुरुवार सुबह 6:35 बजे) कैपिटल यहूदी म्यूजियम के बाहर हुआ।
फ्री फिलिस्तीन के नारे लगाकर की गई हत्या
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, आरोपी ने घटना को अंजाम देते समय “फ्री फिलिस्तीन” का नारा लगाया और पास से ही गोली मार दी। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो हाल ही में सगाई कर चुके थे और जल्द ही शादी करने वाले थे। घटना के वक्त दोनों यहूदी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद म्यूजियम से बाहर निकल रहे थे।
आरोपी गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की आशंका
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने 30 वर्षीय एलियास रॉड्रिगेज, जो शिकागो का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रमुख पामेला स्मिथ ने बताया कि आरोपी को म्यूजियम के बाहर घूमते देखा गया था और उसने बाहर निकल रहे चार लोगों के समूह पर अचानक गोलियां चला दीं।
FBI और होमलैंड सिक्योरिटी कर रही जांच
घटना के बाद FBI की ज्वॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स जांच में जुट गई है। होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने इसे “टारगेट किलिंग” बताते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है। पुलिस ने लोगों को घटना स्थल से दूर रहने की सलाह दी है।
इजराइल की तीखी प्रतिक्रिया, UN में राजदूत ने बताया यहूदी समुदाय पर हमला
संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने इस घटना को यहूदी विरोधी आतंकवाद बताया और कहा कि यह पूरी यहूदी बिरादरी पर हमला है। उन्होंने अमेरिका से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम AJC द्वारा आयोजित, सीईओ ने जताया दुख
अमेरिकन यहूदी समिति (AJC) के सीईओ टेड ड्यूच ने पुष्टि की कि यह कार्यक्रम उनकी संस्था द्वारा आयोजित किया गया था। उन्होंने इस हिंसक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
FBI प्रमुख काश पटेल ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें और उनकी टीम को मामले की जानकारी दी गई है और वे इसकी गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जल्द ही मामले में और जानकारियां साझा की जाएंगी।