Breaking News

अवैध विवाह की कोशिश पर रोक, नाबालिग की शादी कराने आए लोग हिरासत में

India Ahead Now | Updated on: December 8, 2025 | 3:02 pm

शाहजहाँपुर (यूपी) : सदर बाज़ार थाना क्षेत्र के शाहबाज़नगर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 16 वर्षीय नाबालिग हिंदू लड़की का निकाह एक 35 वर्षीय मुस्लिम युवक से कराए जाने की गोपनीय तैयारी का खुलासा हो गया। हिंदू युवा संगठन की तत्परता और पुलिस  हस्तक्षेप के कारण यह आयोजन रुक गया।

सूचना संगठन के पदाधिकारी राजेश अवस्थी और अवनीश मिश्र तक पहुँचते ही उन्होंने तुरंत सदर बाज़ार पुलिस से संपर्क किया। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम संगठन के सदस्यों के साथ मौके पर पहुँची और नाबालिग का निकाह रोक दिया।

पुलिस ने युवक सहित उसके परिवारजन और कार्यक्रम में शामिल साथियों को हिरासत में ले लिया। वहीं नाबालिग लड़की को सुरक्षा में लेते हुए संबंधित कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिंदू संगठन के नेता राजेश अवस्थी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि नाबालिग का विवाह कानूनन अवैध है और बिना उचित प्रक्रिया के धर्मांतरण या निकाह कराने की कोशिश कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना सामने आने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। धर्मांतरण की आशंका को ध्यान में रखते हुए एसडीएम तथा पुलिस विभाग को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि नाबालिग के अधिकार और सुरक्षा सर्वोपरि हैं, और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।