भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए Vaibhav Suryavanshi को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में चयनित होकर Vaibhav Suryavanshi भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
बीसीसीआई चयन समिति ने जून-जुलाई में होने वाली आयरलैंड और इंग्लैंड टी-20 सीरीज के साथ सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया। टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा Vaibhav Suryavanshi के चयन को लेकर हो रही है। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले सबसे कम उम्र में भारतीय टीम के लिए चुने जाने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम था, जिन्हें 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह मिली थी। पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिनका चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था।
यदि Vaibhav Suryavanshi को इंग्लैंड, आयरलैंड दौरे या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। वर्तमान में यह रिकॉर्ड भी शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद Vaibhav Suryavanshi का चयन लगभग तय माना जा रहा था। उन्होंने पूरे सीजन में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसके अलावा मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कई बड़े अवॉर्ड भी जीते।
Vaibhav Suryavanshi ने आईपीएल में केवल 36 गेंदों में शतक लगाकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

टी-20 टीम में एक बड़ा बदलाव करते हुए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। करीब ढाई साल बाद उनकी भारतीय टी-20 टीम में वापसी हुई है। आईपीएल 2026 में श्रेयस ने 498 रन बनाए और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
वहीं, सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है। हालिया खराब फॉर्म को उनकी टीम से बाहर होने की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप और एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट जीते थे।
एशियन गेम्स के लिए भी लगभग यही टीम चुनी गई है। चयनकर्ताओं ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन बनाने की कोशिश की है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि Vaibhav Suryavanshi आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बन सकते हैं।
क्रिकेट प्रशंसकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि Vaibhav Suryavanshi को डेब्यू का मौका कब मिलता है और क्या वह अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में कोई नया रिकॉर्ड कायम कर पाते हैं।
Read More: Suryakumar Yadav Captaincy: क्या टीम इंडिया की टी20 कप्तानी से हटेंगे सूर्यकुमार यादव?