क्या हमारी दुनिया के साथ-साथ कोई और अदृश्य दुनिया भी चलती है? क्या ऐसी शक्तियाँ भी मौजूद हैं, जिनके सामने इंसान बिल्कुल असहाय हो जाता है? इन्हीं सवालों की छाया में नई वेब सीरीज़ ‘भय द गौरव तिवारी मिस्ट्री’ अपने रहस्यमय टीज़र के साथ चर्चा में है। 72 सेकेंड के इस टीज़र में डर, रोमांच और जिज्ञासा का ऐसा मेल है जो दर्शकों को सीरीज देखने पर मजबूर कर देगा। कल्कि केकलां और करण टैकर जैसे दमदार कलाकार इसमें मुख्य भूमिकाएँ निभा रहे हैं। कहानी में दहशत का माहौल है, एक रहस्यमयी मौत है और सच तक पहुँचने की कोशिश करता एक पत्रकार भी है। खास बात यह है कि इस सीरीज़ का आधार वास्तविक घटनाएँ हैं।
टीज़र का असर और कहानी की झलक
‘भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री’ का टीज़र शुरुआत से ही सिहरन पैदा करता है। मेकर्स ने हॉरर और मिस्ट्री को खूबसूरती से जोड़ते हुए इसे भारत के सबसे चर्चित पैरानॉर्मल केस गौरव तिवारी की मौत पर आधारित बनाया है। इस सीरीज़ का निर्देशन रॉबी ग्रेवाल ने किया है।

कहानी भारत के पहले प्रमाणित पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर गौरव तिवारी की ज़िंदगी और उनके अचानक हुई रहस्यमयी मौत से प्रेरित है। टीज़र में करण टैकर एक ऐसे केस की जाँच करते दिखाई देते हैं, जहाँ अँधेरे कॉरिडोर, टिमटिमाती रोशनी और अजीब परछाइयाँ माहौल को और डरावना बनाती हैं। सीरीज़ में आइरीन वेंकट नाम की एक पत्रकार भी है जिस किरदार को कल्कि केकलां निभा रही हैं। शुरुआत में वह तिवारी के काम को बेनकाब करना चाहती है, लेकिन 32 वर्ष की उम्र में तिवारी की असामान्य मौत के बाद वह इस मौत के पीछे छिपे सच की तलाश में लग जाती है।
करण टैकर का अनुभव
अपने किरदार को लेकर करण टैकर बताते हैं कि यह उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण रोल्स में से एक है। उन्होंने कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति को पर्दे पर जीना, जो अलौकिक दुनिया से जुड़ा महसूस करता था और रहस्यमय परिस्थितियों में दुनिया से चला गया भावनात्मक रूप से बहुत कठिन था। वह कहते हैं कि उन्हें खुशी है कि वे उनकी कहानी का एक हिस्सा बन सके।
टीज़र के साथ रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन मेकर्स ने बताया है कि यह सीरीज़ Amazon MX Player पर दर्शकों के लिए फ्री स्ट्रीमिंग में उपलब्ध होगी।