Breaking News

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, नहर में मिला शव

India Ahead Now | Updated on: May 19, 2026 | 4:18 pm
पंजाब के संगीत जगत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29 वर्ष) का शव 6 दिन बाद नीलो नहर से बरामद हुआ है। परिवार का आरोप है कि आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा (मोगा के भलूर गांव निवासी, कनाडा में रहने वाला) ने जबरन शादी के लिए दबाव बनाया, इनकार करने पर गन प्वाइंट पर अगवा कर हत्या कर दी।

घटना का क्रम

  • 13 मई की रात: इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार में बाजार से राशन लेने निकलीं। देर रात तक घर नहीं लौटीं।
  • परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
  • 15 मई: परिवार ने सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
  • 19 मई सुबह: नहर से शव बरामद। शिनाख्त परिवार ने की। शव को समराला सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया।
परिवार का कहना है कि सुखविंदर सिंह कनाडा से खास तौर पर पंजाब आया था। उसने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में गन प्वाइंट पर अगवा किया और हत्या के बाद शव नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी फिर कनाडा फरार हो गया।

परिवार का दर्द और पुलिस पर आरोप

इंदर कौर के भाई जोतइंदर सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था। इनकार के बाद रंजिश बढ़ गई। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है कि FIR के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं हुई।
थाना जमालपुर के SHO बलबीर सिंह ने बताया कि “मामले में FIR दर्ज है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द गिरफ्तारी होगी।”

इंदर कौर कौन थीं?

इंदर कौर पंजाबी संगीत इंडस्ट्री की लोकप्रिय आवाज थीं। उनके गाने युवाओं में खासे पसंद किए जाते थे। परिवार के कई सदस्य विदेश (कोरिया) में रहते हैं। यह घटना पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है।