Breaking News

खौफनाक घटना: जालौन में इंस्पेक्टर की खुदकुशी, कमरे में खून से लथपथ मिला शरीर

India Ahead Now | Updated on: December 6, 2025 | 12:57 pm

जालौन (उत्तर प्रदेश) : जालौन में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कुठौंद थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने रविवार की रात अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी। गोली चलने की आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी तुरंत उनके सरकारी आवास की ओर दौड़े। कमरे में प्रवेश करते ही पुलिसकर्मी दंग रह गए—इंस्पेक्टर जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे और पास ही उनकी सर्विस रिवॉल्वर मिली।

घायल अवस्था में उन्हें उरई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कड़ी कोशिशों के बावजूद करीब ढाई घंटे बाद रात 11:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार मौके पर पहुंचे। फिलहाल, आत्महत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, कुठौंद थाना मुख्यालय से लगभग 51 किलोमीटर दूर स्थित है। घटना से कुछ देर पहले इंस्पेक्टर अरुण कुमार पेट्रोलिंग पर निकले थे और रास्ते में एक भंडारे कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां लोगों ने उनका सम्मान किया था। रात 9 बजे वह सरकारी आवास लौटे और करीब 30 मिनट बाद गोली की आवाज सुनाई दी। जब कमरा खोलकर देखा गया तो वह गंभीर हालत में पड़े थे।

इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय मूल रूप से संतकबीर नगर के रहने वाले थे और वर्ष 2023 में इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए थे। पुलिस ने घटना की सूचना उनके परिवार को दे दी है।

एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि लगभग 9:30 बजे इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।