Breaking News

गरीबी की मार झेलते हुए गैराज में कार धोने वाला लड़का बना ईरान की सबसे बड़ी कार कंपनी का संस्थापक | अहमद खयामी और Paykan की अनकही कहानी

India Ahead Now | Updated on: March 25, 2026 | 1:26 pm

गरीबी की मार, गैराज में नौकरी... और एक बड़ा सपना!

पश्चिमी एशिया आज फिर बारूद की गंध से भरा हुआ है। ईरान पर हमले, सरहदों पर तनाव, तेल के रास्तों पर बमबारी… लेकिन हर संघर्ष के बीच एक देश की असली ताकत उसकी राजनीति या युद्ध नहीं, बल्कि उसकी ज़मीन से निकली कहानियां होती हैं। ऐसी ही एक कहानी है तेहरान की तंग गलियों में कार धोने वाले एक गरीब लड़के की, जिसने न सिर्फ खुद को, बल्कि पूरे ईरान को पहियों पर सवार कर दिया।

उसका नाम था अहमद खयामी और उसकी बनाई कार  Paykan (तीर),  ईरान की सड़कों पर दौड़कर न सिर्फ एक मशीन बनी, बल्कि राष्ट्र का प्रतीक बन गई।

1923: गरीबी और सपनों का बचपन

1923 में तेहरान में एक मामूली परिवार में अहमद खयामी का जन्म हुआ। उस समय ईरान में कारें थीं, लेकिन वे सब विदेशी थीं। आम आदमी के लिए कार एक सपना भी नहीं, सिर्फ अमीरों की चीज थी।

1940 के दशक में अहमद और उनके छोटे भाई महमूद खयामी ने मशहद की ठंडी सड़कों पर काम शुरू किया। जूतों में छेद, पुराने कपड़े, सर्दी से बचने को कोट तक नहीं। रोजाना पांच किलोमीटर से ज्यादा पैदल चलकर वे कारें धोते थे। हाथों पर साबुन के झाग, चेहरे पर ग्रीस और पसीना… लेकिन दिमाग में एक जुनून, “हम अपनी कार क्यों नहीं बना सकते?”

दोस्त हंसते थे। कहते थे, “कार धोना कोई असली काम नहीं है।” लेकिन अहमद जवाब देते, “कार धोना ही कार बनाने की पहली सीढ़ी है।”

उन्होंने खुद कहा था: “हम दो भाई थे… पैसों से गरीब, लेकिन सपनों से अमीर। घर पर पत्नी और दो छोटे बच्चे थे, फिर भी हिम्मत नहीं हारी।”

सपने को हकीकत में बदलने की यात्रा

धीरे-धीरे भाइयों ने ऑटो पार्ट्स बेचना शुरू किया। 1953 में जब अहमद 30 साल के हुए, उन्होंने मशहद में Mercedes-Benz की पहली कार बेची। उसी पल उन्हें एहसास हुआ, जिंदगी अब अपना अच्छा पहलू दिखा रही है।

1962 में दोनों भाइयों ने मिलकर कंपनी शुरू की ईरान नेशनल (Iran National)। शुरुआती पूंजी सिर्फ 100 मिलियन रियाल थी। न अनुभव था, न बड़े संसाधन। सिर्फ हिम्मत और बाजार की जरूरत समझने की सूझबूझ।

कंपनी ने पहले बसें और ट्रक असेंबल किए। फिर कार बनाने का सपना देखा। ब्रिटिश रूट्स ग्रुप (Rootes Group) के प्लेटफॉर्म को चुना, जो बाद में क्राइसलर के अधीन चला गया। तमाम चुनौतियों के बावजूद 23 मई 1967 को ईरान की पहली अपनी कार लॉन्च हुई Paykan

Paykan: ईरान की ‘नेशनल कार’ की कहानी

Paykan मूल रूप से ब्रिटिश Hillman Hunter (Rootes Arrow) पर आधारित थी। इसमें 1.8 लीटर का पेट्रोल इंजन था। लेकिन ईरान खोद्रो ने इसके एक्सटीरियर, इंटीरियर और लोकल जरूरतों के हिसाब से कई बदलाव किए।

यह कार सस्ती, टिकाऊ, अच्छी माइलेज वाली और आम आदमी के बजट में थी। खुला केबिन, मजबूती और कम रखरखाव, ये खूबियां Paykan को हर ईरानी घर की पहचान बना गईं। टैक्सी नेटवर्क में तो यह क्रांति ला दी। Fiat टैक्सियों की जगह Paykan Taxi ने ले ली।

वेरिएंट भी आए, Paykan Deluxe (मिडिल क्लास परिवारों के लिए), Paykan Youth (युवाओं के लिए), Paykan Vanet (लोडिंग के लिए, जो पूरी तरह ईरान में डेवलप हुआ)। करीब 40 साल (1967 से 2005 तक) यह कार बनी रही और ईरान की सड़कों पर लाखों परिवारों का साथी बनी।

Paykan पर किताबें, फिल्में और अमर विरासत

Paykan की लोकप्रियता इतनी थी कि इस पर किताबें लिखी गईं, फिल्में बनीं। अहमद खयामी के बेटे मेहदी खयामी ने पिता की डायरियों के आधार पर किताब लिखी  “Paykan of Our Destiny” (پیکان سرنوشت ما)। कामरान शिर्देल और अन्य फिल्मकारों ने डॉक्यूमेंट्री और इंडस्ट्रियल फिल्में बनाईं।

आज भी पुरानी Paykan देखकर ईरानी नॉस्टैल्जिया महसूस करते हैं। इसे “ईरानी रथ” भी कहा जाता है।

ईरान खोद्रो: आज की ताकत

1962 में शुरू हुई ईरान नेशनल आज Iran Khodro (IKCO) बन चुकी है, ईरान की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी। यह देश के ऑटोमोबाइल बाजार में 30-65% हिस्सेदारी रखती है (समय के अनुसार) और मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी ऑटो कंपनियों में शुमार है।

Paykan के बाद कंपनी ने IKCO Samand, Tara, Reera जैसी आधुनिक कारें बनाईं। Peugeot, Renault आदि के साथ जॉइंट वेंचर भी किए। आज भी लाखों गाड़ियां हर साल उत्पादित होती हैं।

सबक: सपनों से अमीर बनने की सीढ़ी

अहमद खयामी की कहानी सिर्फ एक बिजनेस की नहीं, बल्कि हिम्मत, जुनून और धैर्य की है। गरीबी से शुरू करके उन्होंने साबित किया कि कार धोना वाकई कार बनाने की पहली सीढ़ी हो सकती है।

आज जब ईरान चुनौतियों से घिरा है, तब यह कहानी याद दिलाती है, असली ताकत हथियारों में नहीं, बल्कि उन सपनों में होती है जो एक देश को आगे बढ़ाते हैं।