मथुरा: टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के एक दिन बाद पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मथुरा के वृंदावन पहुंचे। दोनों सुबह करीब 7:20 बजे प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम पहुंचे और महाराज से आशीर्वाद लिया।
प्रेमानंद महाराज ने विराट से पूछा, “प्रसन्न हो?”, जिस पर विराट ने मुस्कुरा कर जवाब दिया- “हां।” महाराज ने दोनों को आशीर्वाद देते हुए कहा- “जाओ, खूब आनंदित रहो, नाम जप करते रहो।” अनुष्का ने महाराज से पूछा, “क्या नाम जप से सब कुछ पूरा हो जाएगा?” इस पर महाराज बोले- “हां, सब पूरा होगा।”
आश्रम में 2 घंटे 20 मिनट रुके विराट-अनुष्का
दोनों ने आश्रम में करीब 2 घंटे 20 मिनट बिताए। प्रेमानंद महाराज से दोनों ने करीब 7 मिनट तक एकांत में बातचीत भी की। इसके बाद आश्रम की गतिविधियों को भी करीब से देखा। इस मुलाकात का वीडियो आश्रम की ओर से जारी किया गया है।
महाराज का जीवन संदेश:
प्रेमानंद महाराज ने कहा कि वैभव मिलना पुण्य है, लेकिन चिंतन का बदलना ही असली कृपा है। उन्होंने कहा कि भगवान जब कृपा करते हैं तो संत समागम और प्रतिकूलता देते हैं, जिससे जीव सच्चे मार्ग पर चलता है।
महापुरुषों ने देखी प्रतिकूलता:
महाराज ने कहा, “भगवान ने बिना प्रतिकूलता के संसार से मुक्ति की कोई औषधि नहीं रखी। जितने भी बड़े महापुरुष हुए हैं, उन्होंने कठिनाइयों का सामना किया है। इसलिए जब भी जीवन में प्रतिकूलता आए, समझिए कि भगवान की कृपा हो रही है।”
विराट का तीसरा वृंदावन दौरा:
यह विराट कोहली का तीसरा वृंदावन दौरा था। इससे पहले वह 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को भी प्रेमानंद महाराज से मिल चुके हैं।
टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास:
विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा- “टेस्ट क्रिकेट ने मुझे आकार दिया, जिंदगी के अहम सबक सिखाए।” विराट ने 123 टेस्ट खेले, जिनमें 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। वह 7 दोहरे शतक भी जड़ चुके हैं।