उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नरवल थाना क्षेत्र के प्रतापुर गांव में एक महिला ने अपने चार साल के मासूम बेटे की ताबीज के धागे से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मासूम के शव को किसी को शक न हो, इसलिए ससुर के पास लिटा दिया गया।
प्रेमी के लिए छोड़ा घर, फिर लौटकर की हत्या
जानकारी के अनुसार, प्रतापुर गांव निवासी सुशील सिंह यादव खेती करते हैं और अपने पिता फूल सिंह, पत्नी मनीषा यादव और बेटे अनिरुद्ध के साथ रहते हैं। मनीषा की शादी सात साल पहले फतेहपुर निवासी मनीषा यादव से हुई थी। कुछ समय से मनीषा के गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध थे। 16 अप्रैल को मनीषा अपने प्रेमी के साथ बिना बताए घर से भाग गई थी। कई दिनों की तलाश के बाद 22 अप्रैल को पुलिस के माध्यम से पति-पत्नी में समझौता हुआ और मनीषा घर लौट आई।
धागे से गला घोंटा, चेहरे पर मिले दांतों के निशान
रविवार को मनीषा अपने बेटे अनिरुद्ध के साथ घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। मासूम अनिरुद्ध के गले में काले धागे में बंधा ताबीज था, जिसे हत्या का हथियार बनाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनिरुद्ध के चेहरे पर दांतों के निशान भी पाए गए हैं, जो क्रूरता की पुष्टि करते हैं।
हत्या छुपाने के लिए शव को ससुर के पास लिटा दिया
हत्या के बाद मनीषा ने बेटे के शव को ससुर फूल सिंह के पास लिटा दिया, ताकि किसी को शक न हो। जब दादा फूल सिंह ने बच्चे को खाने के लिए जगाया, तो वह मृत मिला। इसके बाद बेटे के पिता सुशील यादव ने पुलिस को सूचना दी।
महिला ने किया जुर्म कबूल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस जांच में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में मनीषा ने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी और इसी कारण उसने बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।