डबरा (मध्य प्रदेश) : डबरा शहर की कमलेश्वर कॉलोनी स्थित कोचिंग क्षेत्र में एक छात्रा से छेड़छाड़ का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। मामले की गंभीरता समझते हुए प्रशासन सुबह से ही हरकत में आ गया। एसडीओपी सौरभ कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मनचलों के खिलाफ अभियान चलाया और कार्रवाई शुरू की।
कोचिंग जोन में पहुंची टीम ने बिना नंबर प्लेट की दौड़ रही बाइक को जब्त किया। साथ ही संदिग्ध और मनचले युवकों को रोकर सख्त फटकार लगाई तथा कई युवाओं को उठक-बैठक कराकर चेतावनी भी दी। पुलिस अधिकारियों ने आरोपित युवकों के परिजनों से बातचीत कर बच्चों पर नियंत्रण रखने और समझाइश देने के निर्देश भी दिए।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि ऐसी कार्रवाई लगातार की जाएगी। इसके लिए विशेष पुलिस दल तैयार कर दिए गए हैं, जो समय-समय पर अभियान चलाकर मनचलों पर नकेल कसते रहेंगे।