Breaking News

चक दे इंडिया- भारत की बेटियों ने जीत लिया जहाँ

India Ahead Now | Updated on: November 3, 2025 | 4:36 pm

2 नवंबर 2025 रविवार का दिन भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम शब्दों में दर्ज हो गया.. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के कैच लपकते ही महिला टीम के विश्व कप जीतने का सपना आखिरकार पूरा हो गया। 2017 में टीम फाइनल में करीब आकर हार गई थी। 2020 टी20 विश्व कप के फाइनल में भी भारत को भी निराशा लगी। अब साउथ अफ्रीका को हराकर भारत महिला क्रिकेट टीम ने 2025 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
जीत के बाद हरमनप्रीत कौर के साथ भारतीय टीम ने जोरदार जश्न मनाया। साउथ अफ्रीका के आखिरी विकेट के कैच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लपका। कैच लेने के साथ ही वह खुशी से झूम उठीं। हरमनप्रीत ने भागना शुरू कर दिया और पूरी टीम उनके पीछे थी। डगआउट में मौजूद भारतीय खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों ने मैदान की तरफ दौड़ लगा दी। खिलाड़ियों के साथ ही डीवाई पाटिल स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के भी खुशी का ठिकाना नहीं था। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कैमरे के लिए पोज दिया। दोनों के कंधे पर तिरंगा भी था। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने 2024 टी20 विश्व कप जीतने के बाद कुछ ऐसा ही पोज दिया था। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में पहले खेलते हुए 298 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की पारी 246 रनों पर सिमट गई। इस तरह भारत ने खिताबी मुकाबले को 52 रनों से अपने नाम कर लिया। फिफ्टी लगाने के साथ दो विकेट लेने वाली शेफाली वर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित सभी दिग्गज नेताओं और टीम इंडिया ने भी नारी शक्ति को सलाम किया है