Breaking News

राजस्थान एजीटीएफ ने 5 करोड़ का गांजा जब्त

India Ahead Now | Updated on: October 4, 2025 | 4:02 pm

एमपी बॉर्डर से 3 दिन की जबर्दस्त चेज़, राजस्थान में 10 क्विंटल गांजे की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई

जयपुर (अवनींद्र मिश्रा)

राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और झुंझुनू पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए ट्रक कंटेनर से 1014 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में कीमत 5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में सीकर निवासी दो लोगो भी गिरफ्तार किया है।

राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम एन के निर्देश पर चले इस अभियान में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ ला रहे ट्रक पर तीन दिन से नजर बनाए हुए थी। राजस्थान एटीजीफ को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा लाकर शेखावाटी क्षेत्र में सप्लाई किया जाना है। इसके बाद झुन्झनू एसपी के समन्वय स्थापित कर “ऑपरेशन चेज़” की कार्ययोजना को अमल में लाया गया ।
मध्य प्रदेश बॉर्डर से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश के साथ ही इस ट्रक का पीछा किया जा रहा था । एटीजीफ ट्रक की लोकेशन तो ट्रैक कर ही रही थी, तस्करों की हर हरकत पर भी पुलिस की पैनी नजर थी।

झुंझुनू में ट्रक के प्रवेश के साथ ही उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर गांजा ले जा रहे ट्रक को रोक कर, गांजे की खेप को बरामद किया गया। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए चालक सीट के ठीक पीछे एक गुप्त कक्ष बनाया हुआ था।

मादक पदार्थ तस्करी में सुभाष गुर्जर पुत्र सांवर मल (23) निवासी जाजोद और प्रमोद गुर्जर पुत्र भंवर लाल (20) निवासी दांतारामगढ़ जिला सीकर को भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में शेखावाटी के दो अन्य तस्कर राजू पचलंगी और गोकुल को माल सप्लाई किए जाने की बात उजागर हुई है। पुलिस अब इस तस्कर समूह की फंडिंग, खरीद फरोख्त और संबंधित अन्य व्यक्तियों के पड़ताल कर रही है

इनकी रही अहम भूमिका —

राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम एन ने बताया कि इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने के लिए एएसपी एजीटीएफ शर्मा के सुपरविजन और झुंझुनूं एसपी उपाध्याय के समन्वय में कार्यवाही की गई।

एजीटीएफ के पुलिस निरीक्षक सुभाष सिंह तंवर के नेतृत्व में एएसआई शंकर दयाल शर्मा और हेड कांस्टेबल संदीप गांधी की कार्रवाई में विशेष भूमिका तथा हेड कांस्टेबल कमल सिंह और शशिकांत की तकनीकी भूमिका रही। जयपुर टीम से हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल नरेश कुमार, रतिराम, चालक सुरेश कुमार और झुंझुनूं से हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल अंकित ओला, सुरेन्द्र काजला, पंकज शर्मा, सुरेश कुमार का सराहनीय सहयोग रहा। इस कार्रवाई में सीओ नवलगढ़ और एसएचओ उदयपुरवाटी सहित उनकी टीम भी शामिल रही।