डीग/जयपुर: भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर
भारतीय संस्कृति में गाय का स्थान अद्वितीय है। राजस्थान के पशुधन, डेरी और गोपालन विभाग के मंत्री जोराराम कुमावत ने डीग स्थित श्रीजड़खोर गोधाम में आयोजित श्रीकृष्ण बलराम गो-आराधन महोत्सव में गाय को सम्पूर्ण विश्व की माता बताते हुए राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया। इस महोत्सव में श्रीरैवासा धाम श्रीअग्रपीठाधीश्वर एवं वृंदावन धाम श्रीमलूकपीठाधीश्वर श्री राजेंद्र दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में साधु-संतों और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति मानव कल्याण पर आधारित है। इसमें पत्थर, नदी, वृक्ष और विशेष रूप से गाय की पूजा का महत्व है।
सनातन संस्कृति पर दुष्प्रचार का विरोध
मंत्री कुमावत ने सनातन संस्कृति के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सनातन को बदनाम करने, इसे बीमारी की संज्ञा देने और मिटाने की साजिश रच रहे हैं। पूर्व सरकारों की गो-कल्याण के प्रति उदासीनता पर उलाहना देते हुए उन्होंने वर्तमान सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गाय के प्रति आस्था का उल्लेख करते हुए कुमावत ने बताया कि सरकार ने गोशालाओं का अनुदान बढ़ाया है और हर पंचायत स्तर पर गोशाला विकसित करने के प्रयास कर रही है।
गृह राज्यमंत्री का संदेश: सनातन से मजबूत होते परिवार
इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के क्षय से घर-परिवार में बिखराव बढ़ता है। उन्होंने श्रीजड़खोर गोधाम और स्वामी श्री राजेंद्र दास जी महाराज की गो-सुरक्षा के प्रयासों की सराहना की तथा इन प्रकल्पों को अनुकरणीय बताया।
नवरात्र गो-अराधन महोत्सव की झलकियां
श्रीजड़खोर गोधाम में नवरात्र के दौरान गो-अराधन महोत्सव का भव्य आयोजन हो रहा है। इसमें नित्य श्रीमद्भागवत का पाठ, सहस्त्र चंडी यज्ञ और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम शामिल हैं। महोत्सव में श्री राजेंद्र दास जी महाराज के अलावा मान मंदिर वाले श्री रमेश बाबा जी, जगद्गुरु नाभपीठाधीश्वर श्री सुतीलक्षण दास जी महाराज, जगद्गुरु राम कबीर द्वाराचार्य श्री रामप्रवेश देवाचार्य जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज, परमपूज्य श्री अनंतदास जी महाराज, परमपूज्य श्रीरसिया बाबा, जगद्गुरु भावानन्द द्वाराचार्य जी महाराज, श्री अवधेश दास जी महाराज जैसे कई संत महापुरुष शिरकत कर रहे हैं।